बचपन की गरीबी और शुरुआती संघर्ष
बॉलीवुड की चर्चित गायिका नेहा कक्कड़ आज जितनी चमकदार नजर आती हैं, उनका सफर उतना ही कठिन रहा है। ऋषिकेश में जन्मीं नेहा का बचपन अत्यंत गरीबी में बीता। उनका परिवार एक छोटे से किराए के कमरे में रहता था, जिसमें किचन तक की सुविधा नहीं थी। मां ने कमरे में ही टेबल रखकर खाना बनाना शुरू किया। पिता स्कूल के बाहर समोसे बेचा करते थे। परिवार की आर्थिक मजबूरी के चलते नेहा ने मात्र चार साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया। वह अपने भाई टोनी और बहन सोनू के साथ माता के जगरातों में भक्ति गीत गाती थीं। एक रात के कार्यक्रम के बदले परिवार को सिर्फ 500 रुपए मिलते थे।
मुंबई की राह और इंडियन आइडल से पहचान
नेहा साल 2004 में भाई टोनी के साथ मुंबई पहुंचीं। उन्होंने कई ऑडिशन दिए लेकिन रिजेक्शन ही हाथ लगा। 2006 में इंडियन आइडल के दूसरे सीजन में उन्होंने हिस्सा लिया, हालांकि टॉप 12 में शामिल होने के बावजूद शुरुआती दौर में ही बाहर कर दी गईं। लेकिन इसी शो ने उन्हें म्यूजिक इंडस्ट्री की ओर पहला कदम बढ़ाने में मदद की।
म्यूजिक करियर की शुरुआत और पहला ब्रेक
2008 में नेहा ने ‘नेहा द रॉकस्टार’ नाम से अपना पहला एल्बम लॉन्च किया। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन शो और क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में भी गाने गाए। 2012 में उन्हें प्रीतम के कंपोज किए गए गाने ‘सेकेंड हैंड जवानी’ से बड़ा ब्रेक मिला, जिसने उन्हें बॉलीवुड में पहचान दिलाई। इसके बाद ‘काला चश्मा’, ‘लंदन ठुमकदा’, ‘मनाली ट्रांस’ जैसे हिट गानों ने उन्हें सुपरहिट सिंगर बना दिया।
निजी जिंदगी में उतार-चढ़ाव और ट्रोलिंग का सामना
नेहा का निजी जीवन भी काफी चर्चित रहा है। अभिनेता हिमांश कोहली से ब्रेकअप के बाद नेहा डिप्रेशन में चली गई थीं। सोशल मीडिया पर वे कई बार भावुक होती नजर आईं। इसके बाद जब उन्होंने गायक रोहनप्रीत सिंह से शादी की, तो इस रिश्ते को लेकर भी विवाद हुए। शादी के बाद जब नेहा ने एक फोटो शेयर की जिसमें वह प्रेग्नेंट नजर आ रही थीं, तो बाद में यह एक म्यूजिक वीडियो ‘ख्याल रख्या कर’ का हिस्सा निकला। इसे लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें खूब ट्रोल किया गया।
हाइट, कपड़ों और गानों की नकल को लेकर विवाद
नेहा को उनकी हाइट, कपड़ों और आवाज को लेकर कई बार ऑनलाइन ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ा। एक कॉमेडी शो में उनका मजाक उड़ाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कलाकारों को जवाब भी दिया। इसके अलावा उन पर कई बार पुराने गानों के रीमिक्स और म्यूजिक की नकल करने के आरोप लगे हैं। ‘ओ सजना’ के रीमिक्स पर फाल्गुनी पाठक ने भी उनकी आलोचना की थी। इस गाने के बाद सोशल मीडिया पर नेहा को ‘छोटा हाथी’ और अन्य नामों से चिढ़ाया गया।
पारिवारिक तनाव और कॉन्सर्ट विवाद
हाल ही में नेहा की बहन सोनू कक्कड़ ने एक पोस्ट में परिवार से रिश्ते खत्म करने की बात कही थी, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। वहीं मेलबर्न के एक कॉन्सर्ट में नेहा पर समय पर परफॉर्म न करने और दर्शकों को इंतजार कराने के आरोप लगे। हालांकि, नेहा ने आयोजकों पर पर्याप्त व्यवस्था न होने का आरोप लगाया।
एक सेल्फ-मेड स्टार की कहानी
नेहा कक्कड़ का सफर संघर्षों से भरा रहा है एक छोटे शहर की लड़की से लेकर बॉलीवुड की पॉपुलर सिंगर बनने तक उन्होंने तमाम मुश्किलों का सामना किया। ट्रोलिंग, विवाद, ब्रेकअप और आलोचनाओं के बावजूद नेहा ने खुद को हर बार नए सिरे से साबित किया है। आज वे न सिर्फ म्यूजिक चार्ट्स पर राज कर रही हैं, बल्कि युवाओं के लिए एक प्रेरणा भी हैं।
0 Comments