इंदौर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला महिलाओं के पहनावे से जुड़ा है। इंदौर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें “कम कपड़े पहनने वाली लड़कियां पसंद नहीं हैं”, क्योंकि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को देवी के रूप में देखा जाता है।
कार्यक्रम के मंच से दिया बयान, वीडियो वायरल
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर इंदौर के नेहरू पार्क में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां कैलाश विजयवर्गीय बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। भाषण के दौरान उन्होंने विदेशों की तुलना में भारत की संस्कृति और पहनावे का ज़िक्र करते हुए विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा, विदेशों में माना जाता है कि जितने कम कपड़े, उतनी सुंदरता। लेकिन मैं इस सोच से सहमत नहीं हूं। हमारे यहां महिला को देवी का स्वरूप माना गया है।
कम कपड़े पहनने पर दी प्रतिक्रिया
उन्होंने आगे कहा कि मेरे पास कई बार लड़कियां सेल्फी खिंचवाने आती हैं, लेकिन अगर उनके कपड़े ठीक नहीं होते तो मैं मना कर देता हूं। मैं कहता हूं कि अच्छे कपड़े पहनकर आओ, तब फोटो खिंचवाऊंगा। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
पुराने बयानों में भी रहा है महिलाओं पर फोकस
यह पहली बार नहीं है जब विजयवर्गीय अपने शब्दों को लेकर विवाद में आए हैं। वर्ष 2022 में भी इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लड़कियों के पहनावे को लेकर कहा था कि लड़कियां इस कदर गंदे कपड़े पहनती हैं कि वे देवी नहीं, बल्कि शूर्पणखा जैसी लगती हैं। उनके बयानों को लेकर पहले भी राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर आलोचना होती रही है। अब एक बार फिर उन्होंने महिलाओं के पहनावे पर टिप्पणी कर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।
0 Comments