गंगटोक/नई दिल्ली। सिक्किम के लाचेन इलाके में भारी बारिश के चलते रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। सेना का एक कैंप भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिससे तीन जवानों की मौत हो गई और छह अन्य लापता हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। मलबे से चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं।
सेना ने सोमवार को जानकारी दी कि हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा की मौत हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में सुरक्षाबलों और बचाव दलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
30 मई से फंसे टूरिस्टों को निकाला गया
लगातार बारिश के कारण सिक्किम के लाचेन और लाचुंग में फंसे 1000 से अधिक पर्यटकों को भी रेस्क्यू कर लिया गया है। खराब मौसम के कारण सड़कें बंद थीं, जिससे सैलानी कई दिनों से वहां फंसे हुए थे।
पूर्वोत्तर राज्यों में तबाही का मंजर
पिछले 4 दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में कहर बरपा दिया है। अब तक कुल 37 लोगों की मौत हो चुकी है:
- असम – 10
- अरुणाचल प्रदेश – 9
- मिजोरम – 5
- मेघालय – 6
- सिक्किम – 3
इसके अलावा, कई स्थानों पर सड़कें टूट गई हैं, सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है।
अमित शाह ने दिया आश्वासन, कहा- मोदी सरकार पूर्वोत्तर के साथ चट्टान की तरह खड़ी है
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से बात की है उन्होंने उन्हें हर तरह की मदद का भरोसा दिलाया।
अमित शाह ने ट्वीट किया
“असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों तथा मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में भारी बारिश की स्थिति को लेकर बातचीत की। उन्हें हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।”

अन्य राज्यों में भी बारिश का असर
- 3.64 लाख लोग बाढ़ से असम में प्रभावित हुए हैं।
- मणिपुर में 19,000 से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं और 3,300 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है।
- 10,000 से ज्यादा लोग त्रिपुरा में प्रभावित हैं
- मिजोरम की राजधानी आइजोल में 2 जून को सभी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए। राज्य में 30 मई से अब तक 211 लैंडस्लाइड की घटनाएं दर्ज हुई हैं।
देश के अन्य हिस्सों में भी असर
- राजस्थान के 30 और मध्यप्रदेश के 50 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
- बिहार के वैशाली जिले में तेज आंधी और बारिश के चलते एक मकान ढह गया, जिससे 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
0 Comments