भोपाल | 3 जून 2025
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को भोपाल के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यह दौरा पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक पुनर्गठन को लेकर था। जैसे ही राहुल गांधी का काफिला भोपाल एयरपोर्ट से रवाना हुआ, कार्यकर्ताओं में उन्हें देखने और स्वागत करने की होड़ मच गई कुछ स्थानों पर स्थिति इतनी उत्साहित हो गई कि कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया, जिससे हल्की धक्कामुक्की की स्थिति बन गई और कुछ लोग सड़क पर गिर भी गए।
11:40 AM: भोपाल पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने किया स्वागत



जानें राहुल गांधी का पूरा शेड्यूल
- आज सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक होगी।
- दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक सांसदों व विधायकों से चर्चा होगी।
- दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक एआईसीसी पर्यवेक्षक व पीसीसी प्रभारियों के साथ संवाद होगा।
- दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक आंतरिक समीक्षा होगी।
- दोपहर 2:30 बजे से 4:00 बजे तक रवींद्र भवन में जिला व ब्लॉक अध्यक्षों को संबोधन होगा।
शिवाजी नगर से नानके तक उत्साह का माहौल
राहुल गांधी के काफिले ने जैसे ही शिवाजी नगर चौराहे से नानके चौराहे की ओर रुख किया, पार्टी कार्यकर्ता पूरे जोश में फूल बरसाते और नारे लगाते हुए उनकी गाड़ी के पीछे दौड़ पड़े। हालांकि सुरक्षा कारणों से राहुल का काफिला बिना रुके आगे बढ़ गया। पुलिस ने भीड़ को संभालते हुए रास्ता साफ कराया।
लालघाटी में कार्यकर्ताओं ने तोड़ा सुरक्षा घेरा
खानूगांव, लालघाटी के पास कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर पहुंच गया। सुरक्षा घेरे को तोड़कर वे राहुल गांधी की गाड़ी के सामने आ गए। पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया और रास्ता क्लियर किया। इस बीच कुछ कार्यकर्ता सड़क पर गिर पड़े, जिन्हें साथियों ने तुरंत उठाया।
तीन अहम बैठकें और संगठन सृजन पर फोकस
राहुल गांधी सीधे कांग्रेस प्रदेश कार्यालय (पीसीसी) पहुंचे, जहां उन्होंने लगातार तीन संगठनात्मक बैठकें कीं। इन बैठकों का मकसद प्रदेश नेतृत्व को आगामी चुनावी तैयारियों और ‘संगठन सृजन अभियान’ की रणनीति से अवगत कराना था। इसके बाद उन्होंने रवींद्र भवन में जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों के अधिवेशन को भी संबोधित किया।
2028 के लिए मिशन कांग्रेस शुरू
पूर्व मंत्री तरुण भनोट ने कहा कि इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य पार्टी की रणनीति को नया आकार देना है ताकि कांग्रेस जनता का विश्वास फिर से जीत सके। वहीं जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने दावा किया कि “2028 में कांग्रेस की सरकार मध्यप्रदेश में निश्चित रूप से बनेगी।”
महिलाओं और युवाओं में भी दिखा उत्साह
राहुल गांधी के स्वागत में महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिवाजी नगर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता देशभक्ति गीतों पर झूमते और तिरंगा लहराते नज़र आए। वहीं, उत्तर विधानसभा से आईं कई महिलाओं ने हाथों में फूल और स्वागत तख्तियां लेकर खानूगांव में उनका इंतजार किया।
जातिगत जनगणना पर सरकार को घेरा
इस दौरे में कांग्रेस ने जातिगत जनगणना के मुद्दे को भी उछाला। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजभान ने कहा, “राहुल गांधी की वजह से सरकार को जातिगत जनगणना के मुद्दे पर झुकना पड़ा है। यही राहुल की असली ताकत है, वे भारत के भविष्य को बराबरी के साथ देखना चाहते हैं।”
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश जांच
पीसीसी कार्यालय में सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम थे। यहां नेताओं और कार्यकर्ताओं को जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। मीडिया से लेकर पुलिस तक हर स्तर पर चाक-चौबंद व्यवस्था देखने को मिली।
राहुल गांधी का यह संगठनात्मक दौरा कांग्रेस के लिए केवल एक औपचारिकता नहीं था, बल्कि यह संकेत था कि पार्टी अब ग्राउंड लेवल पर बदलाव की दिशा में तेजी से काम कर रही है। भीड़ में जोश, मुद्दों पर साफ रुख और संगठन के पुनर्गठन की प्रतिबद्धता—इन सबने यह स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस 2028 की तैयारी में अब पूरी तरह एक्टिव हो चुकी है।
0 Comments